सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

यह कैसी दूरियां !

उस दिन बेटी को ऑफिस से कन्फर्मेशन लेटर मिला था।





दो तीन दिन से घर का माहौल टेंस था।  ऐसा लगा कि ऑफिस में सब कुछ ठीक नहीं है। कदाचित इसलिए तनावपूर्ण वातावरण स्वाभाविक भी था।  ऐसे में कौन अप्रभावित रह सकता है! माँ भी अछूती नहीं थी। 



माँ, अपनी बेटी के साथ, पति की इच्छा के विरुद्ध अपना प्रदेश, अपना नगर छोड़ कर, प्रदेश प्रदेश, नगर नगर साथ साथ या पीछे पीछे चल रही थी।  बेटी के जीवन को सुगम और सुचारु चलाने के लिए।  ऐसे में बच्चों से अपेक्षाएं भी हो जाती है।

 


यहाँ बता दूँ कि बेटी विवाहित थी।  एक बेटी की माँ।  आठ साल की बेटी।  स्कूल जाने वाली। माँ इन सब को सम्हाले रहती।  अस्वस्थता और शारीरिक कष्ट के बाद भी चौका बर्तन सम्हाले रहती।  नातिन को पुचकारती, सम्हालती, स्कूल के लिए तैयार करती।  ऐसे में स्वाभाविक था कि दूसरी ओर से भी अपेक्षाएं  होना 

 


उस दिन बेटी को कन्फर्मेशन मिला। उस दिन  वह घर आई।  खाना खाया। और  पति और बेटी के साथ घर से बाहर निकल गई।  पैर का कष्ट झेल रही माँ थोड़ी देर में सो गई।

 


सुबह आँख खुली।  मोबाइल पर दृष्टि गई।  व्हाट्सएप्प पर सन्देश का चिन्ह दिखाई दिया।  मैसेज खोला ।  सात पेज का, जेपीजी फाइल वाला।  उन फाइलों में, ऑफिस के उच्च अधिकारियों ने मूल्यांकन किया था।  अंत में उसे कन्फर्म किये जाने की बात कही गई थी। माँ का मन प्रसन्न हो गया।  बेटी को बधाई सन्देश लिखित में भी भेज दिया।

 


यकायक माँ विचलित हो गई। यकायक विचार आया।  मैं पिछले दस सालों से बेटी के साथ अपना प्रदेश और नगर छोड़ कर पति की इच्छा के विरुद्ध प्रदेश प्रदेश नगर नगर जा रही हूँ।  स्पष्ट है कि भावनात्मक लगाव है।  माँ के साथ ऐसा होना स्वाभाविक भी है।

 


पर...पर... बेटी भी माँ है।  बेटी माँ से और माँ बेटी से भावनात्मक सम्बन्ध रखती होगी। नातिन जब भी स्कूल में कुछ अच्छा करती तो सबसे पहले माँ को आ के बताती।  माँ भी बेटी से सबसे पहले ऐसा सुना जाना पसंद करती।

 


पर क्या बेटी को यह समझ नहीं।  क्या वह नहीं समझती कि जैसे वह चाहती है कि उसकी बेटी  अपना शुभ सबसे पहले माँ को बताये तो वह यह क्यों नहीं समझती कि वह अपना शुभ सबसे पहले माँ को न सही, बाद में, माँ को भी बताये।


 

पर... बेटी तो ऑफिस से आई।  चौके से खाना परोसा और ड्राइंग रूम में खा कर अपने पति और बेटी के साथ सेलिब्रेशन को निकल गई। उससे चार फुट की दूरी पर कर कमरे में आ कर माँ को अपना शुभ बताना नहीं हो सका।  कैसे है यह दूरी।  कैसे उपज गई !!


 

माँ सोचती रही देर तक !!!

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

तनाव

जब तनाव अधिक होता है न  तब गाता हूँ  रोता नहीं  पड़ोसी बोलते हैं-  गा रहा है  मस्ती में है  तनाव उनको होता है  मुझे तनाव नहीं होता। 

अंततः अश्व: तीन हाइकु

अश्व की शक्ति  मनुष्य का मस्तिष्क  घर मे बंधा।  2  अश्व की गति  मनुष्य से स्पर्द्धा मे   कोसों दूर है । 3  अश्व की निष्ठा  मानव का विश्वास  अश्व विजयी। 

कर्ज़ से छुटकारा

19 जून 2023। यह वह दिन है, जिस दिन मैं एक कर्ज से उबर गया। यह वह कर्ज था, जो मुझ पर जबरन लादा गया था। इस कर्ज को न मैंने माँगा, न कभी स्वीकार किया। फिर भी यह कर्ज 40 साल तक मुझ पर लदा रहा। इसकी वजह से मैं अपमानित किया गया। मुझे नकारा बताया गया। यह केवल इसलिए किया गया ताकि मेरे परिवार पर एहसान लादा जा सके। मेरी पत्नी को 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर लिख कर दिया गया कि मकान तुम्हारे पति के नाम कर दिया गया है। यह काग़ज़ के टुकड़े से अधिक नहीं था। पर कानूनी दांव पेंच नावाकिफ पत्नी समझती रही कि मकान हमे दे दिया गया। वह बहुत खुश और इत्मीनान से थी। उसने, यदि मुझे काग़ज़ का टुकड़ा दिखा दिया गया होता तो मैं उसे हकीकत बता देता। पर उसे किसी को दिखाना नहीं, ऐसे समझाया गया, जैसे गुप्त दान कर दिया गया हो। सगे रिश्तों का यह छल असहनीय था। इसे नहीं किया जाना चाहिए था। एक मासूम की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए था।  पर अच्छा है कि यह कर्ज 40 साल बाद ही सही, उतर गया। अब मैं आत्मनिर्भर हो कर, सुख से मर सकता हूँ। पर दुःख है कि भाई- बहन का सगा रिश्ता तार तार हो गया। अफ़सोस, यह नहीं ...